मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी मुख्‍यालय में ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम संपन्न बिजली क्षेत्र में महिलाओं के योगदान की सराहना

भोपाल:

महिलाएँ न केवल लाभार्थी बनें, बल्कि नवाचार के माध्यम से रोजगार प्रदाता बनें : प्रतिभा तिवारी

मध्य मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के गोविंदपुरा स्थित पॉवर डिस्‍ट्रीब्‍यूशन ट्रेनिंग सेन्‍टर के सभागार में शुक्रवार को ‘’नारी शक्ति वंदन पखवाड़े’’ के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कृषिका नेचुरल्‍स प्राइवेट लिमिटेड की प्रबंध निदेशक एवं सुप्रसिद्ध महिला उद्यमी और उन्नत कृषक प्रतिभा तिवारी ने समारोह में उपस्थित महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ’’नारी शक्ति वंदन’’ जैसे प्रयासों से महिलाओं के लिए असीमित अवसर खुलेंगे। उन्होंने आह्वान किया कि महिलाएँ न केवल लाभार्थी बनें, बल्कि नवाचार के माध्यम से रोजगार प्रदाता बनें।
अपना प्रेरक अनुभव साझा करते हुए प्रतिभा तिवारी ने बताया कि कैसे 2016 में ‘भूमिशा ऑर्गेनिक्स’ के माध्यम से उनकी यात्रा शुरू हुई और आज जैविक खेती और ‘मिलेट्स’ (श्रीअन्न) के क्षेत्र में उनकी एक अंतरराष्ट्रीय पहचान बन चुकी है। उन्होंने बताया कि 2022 में ‘कृषिका नेचुरल्स’ की स्थापना कर उन्होंने मिलेट्स के क्षेत्र में नवाचार किया और उनके द्वारा तैयार मिलेट सॉफ्ट-सर्व आइसक्रीम (कोदो और रागी से निर्मित) ने न केवल देश में बल्कि जी-20 शिखर सम्मेलन में विदेशी प्रतिनिधियों का भी दिल जीत लिया तथा वर्तमान में मिलेट्स से बने 28 से अधिक उत्पाद जैसे कुकीज़, केक, पफ और प्रीमिक्स ‘अम्मा द टेस्ट ऑफ ट्रेडिशन’ ब्रांड नाम से बाजार में पहुँचा रही हैं। उन्‍होंने कहा कि उनके नेतृत्व में मध्य प्रदेश से दक्षिण अमेरिका को 58 मीट्रिक टन आलू और बहरीन को प्याज का निर्यात किया गया है। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि उनके साथ 1200 से अधिक किसान और 250 से अधिक महिलाएँ जुड़ी हुई हैं और प्रदेश के 76 गाँवों में छोटे और सीमांत किसानों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्‍य महाप्रबंधक स्‍वाति सिंह, मनीषा मेश्राम, अमिता तिवारी, अति. निदेशक उत्‍कर्ष गौर, अति.निदेशक एम.एम. भावे, महाप्रबंधक (प्रशासन) संपूर्णानंद शुक्‍ला, संयुक्‍त निदेशक (वित्‍त) रिचा शर्मा सहित कंपनी मुख्‍यालय, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल, संचारण/संधारण वृत्त और शहर वृत्त भोपाल की सैकड़ों महिला अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम में मुख्‍य महाप्रबंधक स्‍वाति सिंह ने बिजली जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीकी कार्यों से लेकर उपभोक्ता सेवाओं और प्रशासनिक प्रबंधन तक, महिलाएँ अपनी कार्यकुशलता से कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ महिला अधिकारियों ने कार्यक्षेत्र में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के अपने अनुभव साझा किए, जिससे नई भर्ती की महिला कर्मियों को प्रेरणा मिली। कार्यक्रम का संचालन वरिष्‍ठ जनसंपर्क अधिकारी मनोज द्विवेदी एवं उप महाप्रबंधक (प्रशासन) नीतू सिंह ने किया। उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन ) निशा कुमार ने आभार व्यक्त किया।
मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को लेकर कहा है कि कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना कंपनी की प्राथमिकता है। ‘नारी शक्ति वंदन’ पखवाड़े के माध्यम से कंपनी ने यह संदेश दिया कि ऊर्जा क्षेत्र के आधुनिकीकरण और उपभोक्ता संतुष्टि के लक्ष्य को प्राप्त करने में महिला शक्ति का योगदान अपरिहार्य है।