ठेकेदार की लापरवाही और नगर निगम की अनदेखी से मिशन चौक-बरगवां रोड बना जाम का अड्डा
कटनी:
शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार मिशन चौक से बरगवां रोड इन दिनों आम जनता के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। सीवर लाइन की खुदाई का काम जिस तरह बिना ठोस यातायात प्रबंधन के किया जा रहा है, उसने नगर निगम और ठेकेदार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बरगवां रोड स्थित भट्टा मोहल्ला मोड़ के पास चल रही खुदाई के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा बंद कर दिया गया है, जिससे पूरा ट्रैफिक एक ही लेन में सिमट गया है। नतीजा यह है कि सुबह-शाम के समय हालात बेकाबू हो जाते हैं और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ रहा है। कई लोग अपने काम, स्कूल और जरूरी कार्यों के लिए देर से पहुंच रहे हैं।
सबसे बड़ी समस्या यह है कि मौके पर न तो पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती है और न ही कोई वैकल्पिक मार्ग की स्पष्ट व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने काम शुरू तो कर दिया, लेकिन न सुरक्षा के इंतजाम किए और न ही ट्रैफिक कंट्रोल का कोई प्लान बनाया। वहीं नगर निगम भी इस अव्यवस्था पर चुप्पी साधे बैठा है।
राहगीरों और व्यापारियों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर जनता को परेशान करना किसी भी हाल में उचित नहीं है। यदि समय रहते यातायात व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए, खुदाई कार्य को तेजी से पूरा कराया जाए और ठेकेदार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को इस जाम से राहत मिल सके।

