हौसलों को सहारा: कलेक्टर की संवेदनशील पहल से दिव्यांग छात्रा शिवानी को मिली नई राह
कटनी:
कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई उस समय मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बन गई, जब कलेक्टर आशीष तिवारी ने एक दिव्यांग छात्रा के सपनों को न सिर्फ सुना, बल्कि उन्हें साकार करने की दिशा में तत्काल कदम भी उठाया।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम परसवारा, जिला पन्ना निवासी और शासकीय तिलक कॉलेज में बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा शिवानी पाल ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्या रखी। 70 प्रतिशत अस्थिबाधित दिव्यांगता से जूझ रही शिवानी ने आवागमन में होने वाली कठिनाइयों का जिक्र करते हुए बैसाखी की आवश्यकता बताई। साथ ही उसने आत्मनिर्भर बनने के अपने सपने को साझा करते हुए बेसिक कंप्यूटर कोर्स करने की इच्छा जताई।
शिवानी के हौसले और शिक्षा के प्रति उसकी लगन ने कलेक्टर तिवारी को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही शिवानी को बैसाखी उपलब्ध कराई, जिससे उसकी दैनिक जीवन की राह आसान हो सके।
यहीं नहीं, कलेक्टर ने शिवानी के भविष्य को संवारने की दिशा में भी पहल की। उन्होंने शासकीय तिलक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वाजपेयी को निर्देशित किया कि छात्रा को कंप्यूटर कोर्स में हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए। प्राचार्य ने भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए शिवानी की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
बैसाखी मिलने के बाद शिवानी के चेहरे पर आई मुस्कान और आत्मविश्वास इस पहल की सफलता को बयां कर रहे थे। भावुक होकर उसने कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बैसाखी उसके लिए सिर्फ सहारा नहीं, बल्कि उसकी पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को खत्म करने का माध्यम है। अब वह बिना किसी रुकावट के कॉलेज जाकर अपने सपनों को पूरा कर सकेगी।
यह पहल न केवल प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सही समय पर मिला सहयोग किसी के जीवन की दिशा बदल सकता है।

