अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
भोपाल:
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,भोपाल द्वारा नालसा एवं सालसा की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा श्रमिकों के अधिकार संरक्षण हेतु शुक्रवार को रत्नागिरी, रायसेन रोड, भोपाल स्थित अफकॉन मेट्रो रेल परियोजना अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,भोपाल मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में लगभग 200 श्रमिकों ने सहभागिता की।
शिविर में मध्यप्रदेश शासन के श्रम विभाग के अधिकारियों, मजदूर संघ प्रतिनिधियों एवं कंपनी के कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल श्री सुनीत अग्रवाल द्वारा श्रमिकों को उनके अधिकारों के संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण विधिक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने श्रमिक कार्ड, संबल योजना एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी श्रमिकों को ई-श्रमिक कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया ताकि वे योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
शिविर में नालसा के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर -15100 की जानकारी देते हुए बताया गया कि श्रमिक किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता या अधिकारों से संबंधित समस्या होने पर इस नंबर पर 24×7 निःशुल्क संपर्क कर सकते हैं। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि न्यायालय में लंबित प्रकरणों के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं।

