संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भोपाल नगर की जिला कार्यशाला संपन्न

भोपाल: संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) से 20 फरवरी 2027 (संत रविदास जयंती) तक आयोजित होने वाले विशेष अभियान के निमित्त भारतीय जनता पार्टी भोपाल नगर की जिला कार्यशाला एवं संगोष्ठी का आयोजन प्रदेश भाजपा कार्यालय स्थित मीडिया सेंटर में किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भोपाल नगर जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का प्रेरणास्रोत है। भोपाल नगर का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके विचारों को घर-घर तक पहुंचाकर इस अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का कार्य करेगा। भोपाल के सभी मंडलों में कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास ने समरस और समानतामूलक समाज का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। भाजपा का यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक उनके विचारों को पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। कार्यशाला में अभियान की विस्तृत रूपरेखा, संत रविदास जी के समरसता, समानता एवं सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा अभियान को व्यापक एवं प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। सोलंकी ने भोपाल के नवनियुक्त सभी एल्डरमैनों का सम्मान कर बधाई दी।
इस अवसर पर महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला महामंत्री मुकेश राय, चेतन भार्गव, प्रदीप शेखावत, जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक, विधानसभा प्रभारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण तथा अभियान की मंडल टोली के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने संत शिरोमणि रविदास जी के समरस समाज, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुआ दीपोत्सव
‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में दीपोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री व पूर्व सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, महापौर मालती राय एवं अजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एड. रामस्वरूप शुक्रवारे सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्जवलित किए। अभियान के अंतर्गत जिन स्थानों पर संत गुरु रविदास महाराज के मंदिर हैं, वहां विशेष रूप से दीप प्रज्ज्वलन किए गए। वहीं, जिन क्षेत्रों में मंदिर उपलब्ध नहीं हैं, वहां सार्वजनिक स्थलों पर संत रविदास महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समरसता, समानता एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने आमजन के साथ कार्यक्रमों में सहभागिता कर समाज में एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहनी शाक्यवार, जिला महामंत्री मुकेश राय, चेतन भार्गव, प्रदीप शेखावत, अमर उंटवाल, एस.एल. वर्मा, किरण रघुवंशी, नितिन मालवीय, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिनेश भारती, पार्षद शक्ति राव सहित प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।