सावन से पहले महापौर का सख्त फरमान… अंधेरे पर होगा वार, पर्वों में रोशनी से जगमगाएगा कटनी शहर!
कटनी: सावन, रक्षाबंधन और आगामी धार्मिक पर्वों से पहले नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शहर की विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए महापौर प्रीति संजीव सूरी ने अधिकारियों की बैठक लेकर साफ शब्दों में कहा कि इस बार त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों को अंधेरे, खराब स्ट्रीट लाइट या बिजली संबंधी किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरी हों।
बैठक में महापौर ने विशेष रूप से मंदिरों, प्रमुख धार्मिक स्थलों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बेहतर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु को देखते हुए आवश्यक विद्युत सामग्री पहले से उपलब्ध रखी जाए ताकि किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में तुरंत सुधार कार्य किया जा सके और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
समीक्षा के दौरान बंद पड़े विद्युत प्वाइंटों को तत्काल चालू करने, जहां जरूरत हो वहां बिजली के तार खिंचवाने, अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने और लंबे समय से लंबित विद्युत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान यदि कहीं भी बिजली या प्रकाश व्यवस्था में समस्या आती है तो उसका समाधान तुरंत होना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री मोना करेरा, शैलेन्द्र प्यासी सहित विद्युत शाखा के अधिकारियों ने कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। महापौर ने नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी पूरी होंगी, जब पूरा शहर सुरक्षित, रोशन और व्यवस्थित दिखाई देगा। नगर निगम अब त्योहारों से पहले शहर को जगमगाने की तैयारी में पूरी ताकत से जुट गया है।

