चार वर्षों का जनविश्वास, विकास की नई पहचान: महापौर प्रीति सूरी के कार्यकाल के चार साल पूरे

कटनी:  नगर निगम कटनी की महापौर प्रीति संजीव सूरी एवं नगर निगम परिषद के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम कार्यालय में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मेयर-इन-काउंसिल के सदस्यों और पार्षदों ने महापौर का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा उनके नेतृत्व में शहर में हुए विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं की सराहना की।

महापौर प्रीति संजीव सूरी ने इस अवसर पर कहा कि बीते चार वर्षों की उपलब्धियां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों के सामूहिक सहयोग एवं विश्वास का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए गए हैं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।

उन्होंने कहा कि विकास का यह सफर अभी थमा नहीं है। आने वाले समय में अधोसंरचना विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनसुविधाओं के विस्तार तथा शहर के सुनियोजित विकास को और अधिक गति दी जाएगी, ताकि कटनी को एक आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त शहर के रूप में नई पहचान मिल सके।

कार्यक्रम में उपस्थित पार्षदों एवं मेयर-इन-काउंसिल सदस्यों ने भी महापौर के चार वर्ष के कार्यकाल को जनसेवा और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने भविष्य में भी नगर के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर मेयर-इन-काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, उमेन्द्र अहिरवार, बीना बनर्जी, तुलसा गुलाब बेन तथा पार्षद सीमा श्रीवास्तव, शकुंतला सोनी, नरेश अग्रवाल, जीवन चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने महापौर एवं नगर निगम परिषद के चार वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए कटनी के निरंतर विकास और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।