रेत माफियाओं पर विजयराघवगढ़ पुलिस का शिकंजा, रात के अंधेरे में दौड़े ट्रैक्टर तो पुलिस ने दबोच लिया, दो वाहन जब्त
कटनी: जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़कर जब्त कर लिया। कार्रवाई से क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम 2 और 3 अगस्त की दरम्यानी रात ग्राम खेरवा रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 21 जेडबी 8732 को रेत से भरा हुआ पाया। चालक नीरज यादव निवासी ग्राम खजुरा से रेत परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को मौके पर ही जब्त कर लिया।
गश्त के दौरान कुछ ही देर बाद सिल्वर रंग का एस्सार ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 21 एए 7773 भी अवैध रूप से रेत का परिवहन करते मिला। चालक सुखलाल कोल निवासी ग्राम भीमपार के पास भी रेत परिवहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इस ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया।
दोनों मामलों में पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 4/21 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह एवं आरक्षक पप्पू प्रजापति की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

