मंत्री लोधी जनसुनवाई के माध्यम से कर रहे जबेरा विधानसभा क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण
भोपाल: जबेरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी द्वारा क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा उनका त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को नोहटा स्थित कार्यालय में विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज आयोजित जनसुनवाई में जबेरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं सुझावों से मंत्री लोधी को अवगत कराया।
आज आयोजित जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 57 लिखित आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें सड़क, बिजली, पानी, राजस्व, आवास, पेंशन, विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ, रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
मंत्री धर्मेन्द्र लोधी ने प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
इस अवसर पर मंत्री लोधी ने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि जबेरा विधानसभा क्षेत्र का कोई भी नागरिक अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न हो। जनसुनवाई के माध्यम से क्षेत्रवासियों और प्रशासनिक अमले के बीच संवाद को और अधिक मजबूत किया जा रहा है, ताकि समस्याओं का शीघ्र, पारदर्शी एवं न्यायसंगत निराकरण सुनिश्चित हो सके।
मंत्री लोधी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को सुनना, उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जबेरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की सेवा और उनके हितों की प्रभावी रक्षा के लिए यह जनहितैषी प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

