टीटीई देवेंद्र कुमार तिवारी ने दिखाई संवेदनशीलता, दो बच्चों को सुरक्षित संरक्षण दिलाने के लिए की सराहनीय पहल

भोपाल :

पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल में कार्यरत टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सराहनीय योगदान दिया जा रहा है।

इसी क्रम में 06 नवम्बर को भोपाल स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म संख्या 2 पर टिकट चेकिंग स्टाफ देवेंद्र कुमार तिवारी ने दो बच्चों के संबंध में संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए सराहनीय पहल की। दोनों बच्चे उत्तर प्रदेश के कानपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जो बिना घर पर बताए निकल आए थे। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया तथा भोपाल स्थित रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी को पत्र के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने और बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर उनके परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाने का अनुरोध किया।

इस संबंध में उन्होंने बच्चों के परिजनों एवं कानपुर पुलिस से भी संपर्क स्थापित किया, ताकि बच्चों की पहचान एवं उनके परिवार तक पहुंचाने की प्रक्रिया में समन्वय बना रहे।

देवेंद्र कुमार तिवारी की यह पहल रेलकर्मियों की संवेदनशीलता, सजगता एवं मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाती है। भोपाल मंडल रेल प्रशासन उनके इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करता है।