महाप्रबंधक ने भोपाल मंडल के दो रेलकर्मियों को “उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार” से किया सम्मानित
भोपाल :
रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले रेलकर्मियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में अगस्त 2026 माह के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भोपाल मंडल के दो सजग रेलकर्मियों को पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह द्वारा “उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार” (Outstanding Safety Awareness Award) से सम्मानित किया गया।
अगस्त माह के लिए भोपाल मंडल से सम्मानित रेलकर्मियों में—
दुर्गा प्रसाद, टेक्नीशियन-I, सी एंड डब्ल्यू/इटारसी
सुनिक कुमार, पॉइंट्समैन, ओबेदुल्लागंज शामिल हैं।
इन रेलकर्मियों ने अपनी ड्यूटी के दौरान हॉट एक्सल, वैगन में टूटे फ्लोर पेंच एवं चिंगारी, ब्रेक वेन के टूटे सेंटर पिवेट गाइड तथा रेल वेल्ड फेलियर जैसी गंभीर तकनीकी खामियों को समय रहते पहचानकर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की। उनकी सजगता और त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना को टालने तथा रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
भोपाल मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेलकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि संरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि ड्यूटी के दौरान छोटी से छोटी असामान्यता को पहचानकर समय पर कार्रवाई करना भी संरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इन रेलकर्मियों की सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक है।
पश्चिम मध्य रेल में रेल संचालन की संरक्षा एवं विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।
भोपाल मंडल भी सुरक्षित रेल संचालन के लिए निरंतर सजग एवं प्रतिबद्ध है तथा उत्कृष्ट संरक्षा कार्य करने वाले रेलकर्मियों को भविष्य में भी प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।

