शारदीय विरेचन से शरीर का शोधन, निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

भोपाल: 

पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान, भोपाल के पंचकर्म विभाग द्वारा 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक निःशुल्क शारदीय विरेचन चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में पंजीयन का समय प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंचकर्म विभाग में होगा।

पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. प्रीति चतुर्वेदी, MD (पंचकर्म) ने बताया कि आयुर्वेद में शरद ऋतु को पित्त दोष के प्रकोप की ऋतु माना गया है। इस दौरान उचित चिकित्सकीय परीक्षण एवं विशेषज्ञ की देखरेख में किया गया विरेचन कर्म शरीर में संचित दोषों के शोधन में सहायक होता है तथा पाचन, त्वचा एवं समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में उपयोगी होता है।

उन्होंने बताया कि शिविर में त्वचा विकार,अम्लपित्त, अजीर्ण, कब्ज, मोटापा, यकृत संबंधी विकार एवं अन्य उपयुक्त रोगों से संबंधित मरीजों का चिकित्सकीय मूल्यांकन किया जाएगा। पात्र मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार शारदीय विरेचन की सुविधा निःशुल्क प्रदान की जाएगी।

डॉ.चतुर्वेदी ने आमजन से अपील की कि वे शरद ऋतु में आयुर्वेद की इस पारंपरिक शोधन चिकित्सा का लाभ लेने के लिए शिविर में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर पंजीयन एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करें।
स्थान: पंचकर्म विभाग, पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान, भोपाल। संपर्क: 7999013557, 9926237163, 6269146948, 8982213400.