‘सेवा संकल्प अभियान’ में युवाओं ने लिया नशामुक्त जीवन का सामूहिक संकल्प

भोपाल :

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित ‘माय भारत’ भोपाल द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” राष्ट्रीय संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना समारोह का प्रमुख उद्देश्य रहा।

यह आयोजन भोपाल के शासकीय नवीन महाविद्यालय की एमएसडब्ल्यू कक्षाओं—जन अभियान परिषद, रविशंकर कॉलेज ऑफ फार्मेसी, शासकीय यूथ हॉस्टल टी.टी. नगर, सीआरसी हॉकी स्टेडियम तथा मनोहर कंप्यूटर इंस्टीट्यूट बैरसिया सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों पर किया गया। इन आयोजनों में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

रचनात्मक गतिविधियों से दिया जन-जागरूकता का संदेश

समारोह के अंतर्गत युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व और नशामुक्ति के प्रति चेतना जागृत करने के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। आयोजन स्थलों पर हुए ‘संकल्प हस्ताक्षर अभियान’ में युवाओं ने व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का संकल्प व्यक्त करते हुए अपने हस्ताक्षर किए।

नशामुक्त भारत की अवधारणा पर केंद्रित नारा लेखन और ‘संकल्प चक्र’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। इन गतिविधियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

युवाओं ने ली नशे से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने की शपथ

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं और नागरिकों को “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” की सामूहिक शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने किसी भी प्रकार के नशीले अथवा मादक पदार्थ का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने की प्रतिज्ञा ली।

इस अवसर पर यह संदेश प्रमुखता से दिया गया कि स्वस्थ, जागरूक, अनुशासित और सशक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर साकार कर सकती है। नशामुक्त युवा न केवल स्वयं का भविष्य सुरक्षित करते हैं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएंगे नशामुक्ति का संदेश

‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस राष्ट्रीय संकल्प समारोह ने युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना का संचार किया। प्रतिभागियों ने जीवन में सकारात्मक एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्त जीवन का संदेश पहुंचाने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।