तरावली डेरे में भोपाल देहात पुलिस और आबकारी विभाग का बड़ा संयुक्त ऑपरेशन
बैरसिया:
अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ भोपाल देहात पुलिस एवं आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए तरावली डेरे में अलसुबह दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग डेरों में बने एवं खाली पड़े मकानों की तलाशी लेकर करीब 14,200 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। मौके से 71 ड्रम, 12 अवैध शराब की भट्टियां तथा 2 बॉयलर भी बरामद किए गए। शेष अवैध शराब को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट किया गया।
पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर,एसडीओपी बैरसिया वैशाली कराहलिया एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी वर्षा उइके के नेतृत्व में यह संयुक्त कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने तरावली डेरे में अलसुबह दबिश दी। कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद कुछ लोग अपने घरों को छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद टीम ने अलग-अलग डेरों में खुले एवं खाली पड़े मकानों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान महुआ शराब से भरे 71 ड्रमों में करीब 14,200 लीटर अवैध महुआ शराब मिली। कार्रवाई के दौरान आवश्यक मात्रा को जब्त कर शेष अवैध शराब को मौके पर ही नष्ट किया गया। जमीन के अंदर अवैध रूप से महुआ शराब तैयार करने के लिए बनाई गई 12 भट्टियां भी मिलीं, जिन्हें नष्ट किया गया। शराब निर्माण में प्रयुक्त 2 बॉयलर जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई। अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
127 अधिकारी-कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा
इस संयुक्त कार्रवाई में भोपाल देहात पुलिस के 75 अधिकारी एवं कर्मचारी तथा आबकारी विभाग के 52 अधिकारी एवं कर्मचारी, कुल 127 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई में एसडीओपी दुर्जन सिंह बरकड़े, थाना प्रभारी बैरसिया रामबाबू चौधरी, थाना प्रभारी गुनगा रिंकू जाटव एवं निरीक्षक नरेन्द्र यादव सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। भोपाल देहात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

