सेवा संकल्प अभियानः जनभागीदारी से संवरा दीवान तालाब, स्वच्छता के लिए आगे आए शहरवासी
रायपुर: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत अंबिकापुर नगर निगम द्वारा दीवान तालाब में स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। महापौर मंजूषा भगत के नेतृत्व में आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों के सदस्यों, वार्डवासियों तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। सामूहिक प्रयासों से दीवान तालाब के घाटों और आसपास के परिसर की साफ-सफाई की गई।
सामूहिक श्रमदान से स्वच्छ हुआ तालाब परिसर
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर तालाब परिसर में फैले कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को हटाया। श्रमदान के माध्यम से नागरिकों ने यह संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थलों और जल स्रोतों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी का आह्वान
स्वच्छता अभियान के दौरान नागरिकों को तालाब एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे तालाब में कचरा न डालें और आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि तालाब और अन्य सार्वजनिक जल स्रोत हमारी सामूहिक धरोहर हैं। इनकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने वार्डवासियों से दीवान तालाब की स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
अभियान में एमआईसी सदस्यों, वार्ड पार्षदों, स्व-सहायता समूहों, स्थानीय नागरिकों तथा नगर निगम कमिश्नर विनय अग्रवाल सहित अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत आयोजित यह अभियान स्वच्छता के साथ जनभागीदारी और सामुदायिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम बना।

