भोपाल मंडल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बने यात्रियों से जुड़ने की मजबूत डिजिटल कड़ी

भोपाल:

डिजिटल युग में सोशल मीडिया यात्रियों तक त्वरित, सटीक एवं उपयोगी जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन गया है। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा इन्सटाग्राम, फेसबुक, व्हाटअप्स चैनल एवं एक्स (ट्वीटर) के अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्रियों से निरंतर संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं एवं रेलवे की विभिन्न गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जा रही हैं।

भोपाल मंडल के जनसंपर्क विभाग द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से ट्रेनों के संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण अपडेट, नई एवं विशेष ट्रेनों का परिचालन, अतिरिक्त कोच, ट्रेनों के ठहराव, समय-सारणी में परिवर्तन, यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं तथा रेलवे की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाई जाती है।
इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिना टिकट यात्रा न करने, चलती ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ न ले जाने, अनधिकृत रूप से चेन पुलिंग न करने, स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित यात्रा करने तथा रेलवे नियमों के पालन के संबंध में जागरूकता अभियान भी सोशल मीडिया के माध्यम से चलाए जाते हैं।

आपातकालीन परिस्थितियों, रेल यातायात से संबंधित महत्वपूर्ण अपडेट अथवा किसी विशेष परिस्थिति में यात्रियों तक आवश्यक सूचना शीघ्र पहुंचाने में सोशल मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से यात्रियों को रेलवे की अधिकृत एवं प्रमाणिक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।

भोपाल मंडल द्वारा सोशल मीडिया को केवल सूचना प्रसार का माध्यम न मानकर यात्रियों से सीधे संवाद एवं उनकी समस्याओं/सुझावों को समझने के प्रभावी माध्यम के रूप में भी उपयोग किया जा रहा है। यात्रियों द्वारा प्राप्त सुझावों एवं प्रतिक्रियाओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है।

सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि रेल यात्रा से संबंधित प्रमाणिक एवं अद्यतन जानकारी के लिए केवल रेलवे के अधिकृत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं आधिकारिक माध्यमों को ही फॉलो करें। किसी भी भ्रामक अथवा अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और आवश्यक जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें।