सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम हुआ आयोजित

भिण्ड

जिला रोजगार कार्यालय भिण्ड द्वारा “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आज शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) भिण्ड में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेहगांव के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बड़ी संख्या में छात्र लाभान्वित हुए।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों एवं अधिकारियों द्वारा छात्रों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार सही करियर चुनने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। छात्रों को नवीन व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न ट्रेड, जैसे आईटी/आईटीईएस, इलेक्ट्रॉनिक्स आदि तथा आईटीआई में संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही औद्योगिक/शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से प्रशिक्षण की व्यावहारिक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

वक्ताओं ने बताया कि कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने छात्रों को शासन की रोजगारोन्मुखी योजनाओं तथा जिला रोजगार कार्यालय की सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न पूछे और करियर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।