कलेक्टर ने पशुपालन विभाग कार्यालय का किया निरीक्षण

भिण्ड:

ग्राम जम्हौरा में गौशाला, मुक्तिधाम, एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय, प्राचीन तालाब का किया निरीक्षण

ग्राम जम्हौरा पटवारी को मौके से किया निलंबित

कलेक्टर भिण्ड ने जिले के पशुपालन विभाग के उप संचालक कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कृत्रिम गर्भाधान केंद्र, डीआई लैब और दवा भंडार कक्ष का मुआयना करने के दौरान दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ उपस्थिति और सुविधाओं पर सख्ती बरती। उन्होंने अधिकारियों को कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों और पशुपालकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले कृत्रिम गर्भाधान केंद्र पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने तकनीकी उपकरणों की कार्यप्रणाली और पशुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद डीआई लैब का दौरा किया, जहां सैंपल टेस्टिंग प्रक्रिया और सफाई परखी। दवा भंडार कक्ष में पहुंचकर दवाओं का स्टॉक चेक किया। स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर चेक कर सभी कर्मचारियों की हाजिरी ली। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, उप संचालक पशुपालन विभाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अतिक्रमण पर जुर्माना लगाने तहसीलदार को निर्देश दिए

कलेक्टर भिण्ड ने जनपद पंचायत अटेर की ग्राम पंचायत जम्हौरा में गौशाला, मुक्तिधाम, एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय, प्राचीन तालाब का निरीक्षण किया। साथ ही ग्राम वासियों से चर्चा कर फार्मर आईडी के संबंध में जानकारी ली एवं उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणजनों द्वारा मौके पर बताया गया कि मौजा पटवारी ग्राम में अनुपस्थित रहते हैं, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की सूचना भी नहीं दी गई।

कलेक्टर ने शिकायत प्राप्त होने पर एवं फार्मर रजिस्ट्री की इन्ट्री 50 प्रतिशत से कम पाई जाने पर मौके से ही ग्राम जम्हौरा पटवारी रामसिंह को निलंबित करने का आदेश दिया। उन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमणकर्ता पर जुर्माना लगाने के लिए तहसीलदार को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्कूल का सीमांकन कराकर बाउंड्री कराने, एप्रोच रोड़ का काम शुरू कराने, तालाब की सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था करने, गौशाला में लाईट की व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, सहायक संचालक पशुपालन विभाग, सीईओ जनपद पंचायत अटेर, तहसीलदार अटेर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।