मुख्य सचिव अनुराग जैन सख्त: हर बच्चे का स्कूल में दाखिला अनिवार्य, स्वास्थ्य सेवाओं पर कलेक्टर रखें कड़ी नजर
कटनी:
अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शाला जाने योग्य कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर नहीं रहना चाहिए और हर पात्र बच्चे का अनिवार्य रूप से प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में 6 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लगभग 10.45 लाख बच्चों की पहचान ऐप के माध्यम से की गई है, जिनका स्कूलों में प्रवेश सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों के कोलोकेशन पर जोर देते हुए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कलेक्टर्स को संवेदनशीलता के साथ मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, कुपोषित बच्चों के उपचार और हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अस्पतालों और दवा भंडारों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, लोक सेवा गारंटी योजना के तहत समयसीमा में सेवाएं देने और स्वामित्व योजना के शेष प्रकरणों को 15 दिनों में निपटाने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों, श्रमिकों के पंजीयन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।
गेंहू उपार्जन को लेकर बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा कोटा बढ़ाया गया है, जिसके तहत किसान अब 23 मई तक स्लॉट बुक कर सकते हैं। सभी खरीदी केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नोडल अधिकारियों के माध्यम से व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कैलाश मकवाना ने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रयासों से दुर्घटनाओं और मौतों में कमी आई है। नशामुक्त भारत अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और जनवरी से अप्रैल तक 120 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
कटनी कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी वर्चुअली बैठक में शामिल हुए।

