eHRMS पोर्टल पर सेवा अभिलेख अपलोड करने में अब नहीं आएगी तकनीकी बाधा, जिला पंचायत सीईओ ने गठित किया तीन सदस्यीय सहायता दल
कटनी: जिले के सभी पंचायत अधिकारियों और अन्य लोक सेवकों के सेवा अभिलेखों को eHRMS पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से दर्ज कराने के लिए जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत सेवा अभिलेख पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश देते हुए कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा है।
सेवा अभिलेखों की ऑनलाइन प्रविष्टि के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय तकनीकी सहायता दल का गठन किया गया है। इस दल में ई-गवर्नेंस प्रशिक्षक राजेश श्रीवास्तव, डाटा एंट्री ऑपरेटर मोहम्मद आरिफ तथा सीमा बिरहा को शामिल किया गया है। जनपद पंचायतों के अधिकारी एवं कर्मचारी पोर्टल संचालन के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में इनसे संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि पंचायत राज्य संचालनालय के निर्देशों के अनुपालन में इससे पूर्व जिला स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण में जनपद पंचायतों के स्थापना प्रभारियों एवं संबंधित लिपिकों को eHRMS पोर्टल पर सेवा अभिलेख दर्ज करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई थी। जिला पंचायत का उद्देश्य निर्धारित समय-सीमा में सभी लोक सेवकों के सेवा अभिलेखों का डिजिटलीकरण सुनिश्चित कर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ावा देना है।

