योजनाओं की जमीनी हकीकत पर जिला पंचायत की पैनी नजर, सीईओ कौर के निर्देश पर गांव-गांव पहुंच रहे योजना प्रभारी अधिकारी
कटनी: पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे और विकास कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जिला पंचायत के योजना प्रभारी अधिकारियों का ग्राम पंचायतों में सतत मैदानी भ्रमण जारी है। अधिकारी गांवों में पहुंचकर योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और हितग्राहियों को मिल रहे लाभ का प्रत्यक्ष आकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को व्हीबी-जी राम जी योजना के परियोजना अधिकारी ऋषि राज चढ़ार ने जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पंचायत सरसवाही, मड़ई एवं जुहला का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मां की बगिया योजना के तहत किए गए पौधरोपण, खेत तालाब और सामुदायिक भवन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल पर विशेष जोर देते हुए ग्राम पंचायत को उद्यान विभाग के विशेषज्ञों के परामर्श से आवश्यक कीटनाशकों का छिड़काव कराने के निर्देश दिए, ताकि लगाए गए पौधों का बेहतर संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभारी एवं सहायक परियोजना अधिकारी मृगेंद्र सिंह ने जनपद पंचायत रीठी की ग्राम पंचायत कैमोरी, खमरिया दो और बिलहरी का दौरा कर निर्माणाधीन आवासों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायतों में संचालित अन्य विकास कार्यों तथा मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला पंचायत प्रशासन का कहना है कि योजनाओं की नियमित मैदानी मॉनिटरिंग से कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

