पद्मश्री मोहन नागर का कटनी में भव्य स्वागत, छात्रों को दिया शिक्षा और राष्ट्रसेवा का प्रेरक मंत्र
कटनी: मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त पद्मश्री मोहन नागर के कटनी प्रवास के दौरान जिले में उनका गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। शहर के महारानी लक्ष्मीबाई चौराहे पर जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल के नेतृत्व में विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र तथा बड़वारा में विकासखंड समन्वयक नंदिनी वाटिया के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्थाओं, नगर विकास प्रस्फुटन समितियों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाताओं और छात्र-छात्राओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत के दौरान पद्मश्री मोहन नागर ने उपस्थित प्रतिनिधियों से आत्मीय परिचय प्राप्त किया और सभी के स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की भावना को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। इसके बाद वे बड़वारा विकासखंड के मझगवां स्थित एम फार सेवा आश्रम छात्रावास पहुंचे, जहां छात्रावास के बच्चों ने उत्साह और उल्लास के साथ उनका स्वागत किया।
छात्रावास में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान नागर ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि ज्ञान ही वह शक्ति है, जो व्यक्ति को समाज और राष्ट्र के निर्माण में सार्थक भूमिका निभाने योग्य बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन करने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा जन्मभूमि, कर्मभूमि और मातृभूमि की सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उनके प्रेरक उद्बोधन से छात्र-छात्राओं में उत्साह का संचार हुआ।
प्रवास के दौरान एम फार सेवा संस्थान परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पद्मश्री मोहन नागर ने आम का पौधा रोपित किया और सभी से अधिक से अधिक पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम के उपरांत वे जन अभियान परिषद के उमरिया जिले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
इस अवसर पर जबलपुर संभाग समन्वयक रवि प्रसाद बर्मन, जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र, एम फार सेवा संस्थान से देवाशीष चतुर्वेदी, राम लखन चौधरी, रामानुज पांडेय, संत कुमार सेन सहित नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता उपस्थित रहे।

