**होटल, गेस्ट हाउस और ढाबों पर पुलिस का सख्त पहरा, जिलेभर में चला सघन जांच अभियान
कटनी: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने गुरुवार को सभी थाना क्षेत्रों में होटल, गेस्ट हाउस और ढाबों पर विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर आगंतुक रजिस्टरों की गहन जांच की, ठहरे हुए लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की। संवेदनशील और शैडो क्षेत्रों में भी पुलिस ने सघन गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के होटल, लॉज, गेस्ट हाउस एवं ढाबों का निरीक्षण किया। रजिस्टरों में दर्ज जानकारी का मिलान करते हुए संचालकों को रिकॉर्ड हमेशा अद्यतन रखने और प्रत्येक ग्राहक का नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा वैध पहचान पत्र का विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पहचान पत्र और आवश्यक सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही नाबालिगों को वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बिना कमरा नहीं देने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस, डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7587615946 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कटनी पुलिस का कहना है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने के लिए इस तरह के सघन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

