मुड़वारा में जन विश्वास अभियान की तैयारी तेज, विकास कार्यों की समीक्षा में विधायक ने कसे अफसर

कटनी: मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विधायक संदीप जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचे और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए।
बैठक का प्रमुख केंद्र 7 अगस्त से प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 की तैयारियां रहीं। विधायक ने कहा कि अभियान केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि जनसंवाद के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं को समझकर उनके त्वरित निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी, नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्ती तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान, सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के लिए आवश्यक भूमि आरक्षित करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों से विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाने पर जोर दिया गया।