स्कूल पहुंचे जिला पंचायत के अफसर, बने शिक्षक तो बच्चों से पूछा पढ़ाई का हाल
कटनी: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत शुक्रवार को जिला पंचायत के अधिकारी उस समय शिक्षक की भूमिका में नजर आए, जब उन्होंने जनपद पंचायत बड़वारा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खितौली स्थित स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश और जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी सहित योजना प्रभारी अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एडीशनल सीईओ अनुराग मोदी ने विद्यार्थियों से उनके रुचिकर विषयों, होमवर्क, खेलकूद और स्कूल की गतिविधियों को लेकर बातचीत की। बच्चों के बीच पहुंचे मोदी ने खुद शिक्षक की भूमिका निभाते हुए क्लास ली और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने की सीख देते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए पढ़ाई के साथ समय का बेहतर प्रबंधन बेहद जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है, इसलिए पढ़ाई के साथ योग, व्यायाम और खेलकूद को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। अधिकारियों ने बच्चों से सहज संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और रुचियों को समझने का प्रयास भी किया।
स्कूल में विद्यार्थियों को परोसे जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए एडीशनल सीईओ अनुराग मोदी ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। अधिकारियों ने स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक जानकारी ली और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रबंधक कमलेश सैनी, परियोजना अधिकारी ऋषि राज सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों के स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद करने की इस पहल को बच्चों के मनोबल और शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

