स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत भोपाल मंडल में विशेष स्वच्छता गतिविधियां
भोपाल :
“स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत भोपाल मंडल में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं कोचिंग डिपो में विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के दौरान रेल परिसरों, ट्रेनों एवं यात्री सुविधाओं में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अभियान के अंतर्गत यांत्रिक विभाग द्वारा भोपाल मंडल के सभी कोचिंग डिपो में प्राथमिक ट्रेनों की स्वच्छता व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्वच्छ रेलगाड़ी अभियान, सफाई मशीनों एवं उपकरणों की कार्यशीलता, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई), शौचालयों, कोच के अंदर एवं बाहरी हिस्सों की सफाई, लिनेन तथा पेंट्री की स्वच्छता की जांच की गई।
सफाई कार्य में उपयोग होने वाली मशीनों एवं उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
“स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत बीना रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय विद्यालय, बीना के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अपने प्रभावी अभिनय एवं संदेश के माध्यम से यात्रियों को रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और “स्वच्छ रेल–स्वच्छ परिसर” के संकल्प में सहभागी बनने का संदेश दिया गया। यात्रियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना की।
भोपाल स्टेशन के यार्ड में सफाई कार्य में उपयोग की जा रही विभिन्न मशीनों एवं उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की गई तथा मशीनों से संबंधित सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि स्वच्छता कार्य में उपयोग होने वाले उपकरण सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं तथा आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध हैं।
भोपाल मंडल द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के माध्यम से स्वच्छ रेलगाड़ी, स्वच्छ स्टेशन और स्वच्छ रेल परिसर के उद्देश्य को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। यात्रियों एवं रेल उपयोगकर्ताओं से भी अपील की गई कि वे रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।

