जिलों पर प्रभारी मंत्री रहे सक्रिय, बांटे लैपटॉप
भोपाल। रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरण कार्यक्रम का मुख्य अतिथि मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार तथा सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री पंवार ने कहा कि सरकार मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्पित है और निरंतर काम कर रही है। सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के लिए भी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है।
प्रभारी मंत्री पंवार ने कहा कि आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय करने के लिए 25-25 हजार रू की राशि प्रदान की गई है। विद्यार्थियों को लैपटॉप मिलने से अपने ज्ञान को बढ़ाने, कौशल को निखारने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना विद्यार्थियों को विज्ञान और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित की जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को इस लैपटॉप से उच्च शिक्षा अध्ययन की विभिन्न शैलियों में सहायता प्राप्त होगी। लैपटॉप से उनकी प्रतिभा निखरेगी, जिससे प्रदेश के उज्जवल भविष्य की संभावनाएं अधिक सशक्त होंगी। कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि सरकार हर तरीके से बच्चों के शिक्षा के स्तर को बढ़ाने, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए, उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए काम कर रही है। बच्चे हमारे देश-प्रदेश का भविष्य हैं। यही मेधावी बच्चे आगे चलकर विभिन्न क्षेत्रों में हमारे जिले का, प्रदेश का और देश का नाम रौशन करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व केबीनेट मंत्री रामपाल सिंह तथा राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन, कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक पंकज पाण्डे सहित अधिकारीगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिक्षा विभाग की सहायक संचालक मोनिका पटेल ने प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत जिले में लाभान्वित मेधावी विद्यार्थियों के बारे में जानकारी दी।
