मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिले में अब तक 59 निरीक्षण
भोपाल :
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में जिले के विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं जनसुविधाओं का मैदानी निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के लिए 18 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो निर्धारित प्रपत्रों के अनुसार संस्थानों का निरीक्षण कर रहे हैं।
अभियान के तहत राशन दुकानों, शासकीय अस्पतालों, छात्रावासों, विद्यालयों, आंगनवाड़ियों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, सेवाओं और आवश्यक सुविधाओं का परीक्षण किया तथा निर्धारित जानकारी दर्ज की।
निरीक्षण प्रक्रिया को District GIS Parakh Application के माध्यम से ऑनलाइन संचालित किया जा रहा है। अधिकारी निरीक्षण के दौरान आवश्यक जानकारी और फोटोग्राफ एप्लीकेशन पर अपलोड कर रहे हैं। इससे निरीक्षण कार्य की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जा रही है।
अभियान के तहत गत 11 सितंबर को नगर पालिका परिषद बेरसिया का भी निरीक्षण किया गया था। जिले में अब तक कुल 59 निरीक्षण किए जा चुके हैं। जिला स्तर पर अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा प्राप्त निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

